श्रीमद् रामायण सोनी टीवी: एक बार फिर से टेलीविजन पर आ रही है श्री राम और सीता जी की महागाथा, जानिए कौन निभाएंगे मुख्य किरदार

भारतीय जनमानस के रोम रोम में बसे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और देवी जानकी एक बार फिर से हम सबके घरों में पधार रहे हैं।

आपको बता दें कि रामानंद सागर की रामायण में राम का किरदार निभाने वाले वाले अरुण गोविल और सीता के किरदार में नजर आने वाली दीपिका चिखलिया अपने इन किरदारों से इतना लोकप्रिय हो गए थे कि आज भी दर्शक इन्हें भगवान मानकर पूजा करते हैं।

दशकों तक रामायण और इसके सभी किरदारों ने लोगों के दिलों पर राज़ किया है। रामायण की सफलता से प्रेरित होकर एक बार फिर से नए कलेवर में रामायण को दर्शकों के सामने लाने की तैयारी पूरी हो गई है।

श्रीमद् रामायण का प्रीमियर लॉन्च

महानायक अमिताभ बच्चन के मशहूर टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की 15वें सीजन के दौरान श्रीमद् रामायण की भव्य लॉन्चिंग हुई। इसके निर्माता सिद्धार्थ कुमार के लिए निश्चित तौर पर यह चुनौतीपूर्ण होगा।

इससे पहले भी निर्माता सिद्धार्थ कुमार सूर्यपुत्र कर्ण, कर्मफल दाता शनि, पोरस, राम सिया के लव कुश और राधा कृष्ण जैसे कई हिट पौराणिक टीवी सीरियल जनता के सामने ला चुके हैं। स्वास्तिक प्रोडक्शंस के बैनर तले बना यह सीरियल 1 जनवरी, 2024 को लॉन्च होगा और यह हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित किया जाएगा।

श्रीमद् रामायण का प्रोमो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, “पधार रहे हैं अपने भक्तों से मिलने, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम। देखिये श्रीमद रामायण, 1 जनवरी से सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे”।

इसके प्रोमो में शबरी को अपने आराध्य श्रीराम का इंतज़ार करते हुए दिखाया गया है।

कौन निभा रहे हैं राम और सीता का आइकॉनिक किरदार?

इस शो में अभिनेता सुजय रेऊ भगवान श्रीराम के किरदार में नज़र आ रहे हैं। साथ ही अभिनेत्री प्राची बंसल सीता मां का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा बसंत भट्ट लक्ष्मण की भूमिका में और नीतू पांडे कैकेयी की भूमिका में नज़र आएंगे।

सुजय रेऊ इससे पहले सिया के राम और राम मिलाए जोड़ी जैसे लोकप्रिय सीरियल्स में प्रमुख किरदारों में नज़र आ चुके हैं। जबकि प्राची बंसल थपकी प्यार की, शिव-शक्ति, तप, त्याग, तांडव और जैसे लोकप्रिय शोज में अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दे चुकी हैं।

रामानंद सागर की रामायण से तुलना

रामानंद सागर द्वारा निर्मित रामायण भारत के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले सीरियल्स में से है। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए लॉकडाउन के दौरान इसका पुनः प्रसारण भी किया गया था।

इसमें अभिनेता अरुण गोविल ने श्री राम की भूमिका निभाकर लोगों को हैरान कर दिया था। वहीं सीता के के प्यार में नजर आने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।

आज भी ये कहीं पर भी जाते हैं इनकी पहचान श्रीराम और सीता के रूप में ही की जाती है। ज़ाहिर सी बात है कि श्रीमद् रामायण की तुलना रामानंद सागर वाली रामायण से की जाएगी। ऐसे में देखना यह है कि सिद्धार्थ कुमार निर्मित श्रीमद् रामायण दर्शकों की अपेक्षाओं को कितना पूरा कर पाएगी। दर्शकों को इसके लिए अब बहुत ज्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा।



Join Our Telegram Channel 🎁

Leave a Comment